KORBA : रिटेन और रीच पॉलिसी से बढ़ेगी स्काउट- गाइड सदस्यता, वार्षिक कार्ययोजना को मिली मंजूरी - vedantsamachar.in

KORBA : रिटेन और रीच पॉलिसी से बढ़ेगी स्काउट- गाइड सदस्यता, वार्षिक कार्ययोजना को मिली मंजूरी

  • भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक सम्पन्न
  • 15 जुलाई से 15 अगस्त तक चलेगा पौधरोपण अभियान

कोरबा, 6 जुलाई। सोमवार को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक सोमवार को पंचवटी विश्राम गृह के सभागार में जिला मुख्य आयुक्त मोहम्मद सादिक शेख की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। साथ ही जिला, विकासखंड एवं यूनिट स्तर पर 15 जुलाई से 15 अगस्त तक व्यापक पौधरोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में जिला सचिव भरत सिंह वर्मा ने आगामी शैक्षणिक सत्र की प्रस्तावित वार्षिक कार्ययोजना प्रस्तुत की। माहवार प्रस्तावित गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा के बाद उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई। शिक्षकों के बेसिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन शासकीय उमा विद्यालय, ग्राम सिंघिया में करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। मेंबरशिप ग्रोथ को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ‘रिटेन एंड रीच’ पॉलिसी अपनाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत वर्तमान सदस्यों को संगठन से जोड़े रखने के साथ-साथ नए सदस्यों के पंजीयन अभियान को गति दी जाएगी। स्काउटिंग गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए विकासखंडवार प्राचार्यों की क्षमता संवर्धन कार्यशालाएं आयोजित करने पर भी सहमति बनी। द्वितीय एवं तृतीय सोपान शिविर, पेट्रोल लीडर ट्रेनिंग कैम्प, रोवर-रेंजर मीट, कब-बुलबुल कार्यक्रमों सहित विभिन्न प्रशिक्षण एवं शिविरों के आयोजन पर चर्चा की गई। यूनिट्स के माध्यम से सड़क सुरक्षा अभियान संचालित करने तथा लगभग 5,000 प्रतिभागियों की प्रस्तावित राज्य स्तरीय कैम्पूरी के आयोजन को भी मंजूरी प्रदान की गई। इसके अलावा संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी निर्णय लिए गए। बैठक में जिला आयुक्त द्वय बीएस पैकरा, अनिता ओहरी, जिला मुख्य आयुक्त विजय भूषण तिर्की, पूर्णिमा भट्टाचार्य, सहायक राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) गनेशी सोनकर, सहायक जिला आयुक्त द्वय डॉ. अल्का फिलिप्स, कल्पना शर्मा, गंगा कौशिक, आजीवन सदस्य रविन्द्र कुमार सिंह, एएलटी सदस्य एसआर अमित, डीटीसी द्वय प्रीतमलाल राजवाड़े, पुष्पा शांडिल्य, डीओसी द्वय दिगम्बर सिंह कौशिक, उत्तरा मानिकपुरी, जिला युवा समिति उपाध्यक्ष राधिका विश्वकर्मा, सामुदायिक गाइड सदस्य सरस्वती ध्रुव सहित विभिन्न विकासखंडों के पदाधिकारी एवं स्काउट-गाइड लीडर्स उपस्थित रहे।

बीईओ संजय अग्रवाल को दी भावभीनी विदाई

बैठक के उपरांत विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कोरबा एवं सहायक जिला आयुक्त (स्काउट) संजय अग्रवाल के सेवानिवृत्त होने पर जिला स्काउट परिवार ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके शैक्षिक एवं स्काउटिंग क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान का सम्मान किया गया। इस अवसर पर संजय अग्रवाल ने कहा कि “स्काउटिंग मेरे जीवन का अभिन्न हिस्सा है। संगठन को जब भी मेरी आवश्यकता होगी, मैं सदैव उपलब्ध रहूंगा।”