बिलासपुर,11 अप्रैल (वेदांत समाचार): बिलासपुर में अपराधियों में रीलबाजी का खुमार नहीं थम रहा है। मस्तूरी गोलीकांड के आरोपी विश्वजीत अनंत और उसके साथी जेल में रहते हुए भी सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं। उससे मिलने गए रिश्तेदार व दोस्तों ने मुलाकाती कक्ष में वीडियो बनाकर उसे इंस्टाग्राम पर वायरल किया है। वीडियो में “सीधा ठोक दू शहर में जो दादा बनता”…गाने के साथ एक-एक कर सभी आरोपियों को दिखाया गया है। जिले के मस्तूरी में पुरानी रंजिश और वर्चस्व को लेकर कांग्रेस नेता व जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह, उसके चाचा तामेश सिंह और तुकेश सिंह पर फायरिंग की गई थी।
जवाब में नीतेश सिंह ने लाइसेंसी बंदूक से फायर किया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले थे। इस केस में पुलिस ने युवा कांग्रेस नेता विश्वजीत अनंत, कांग्रेस नेता अकबर खान और उसके भाई समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एक नाबालिग को बाल संरक्षण गृह में रखा गया है, जबकि 10 आरोपी जेल में हैं। एक आरोपी की जमानत हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी है। जेल में बंद आरोपियों का वीडियो इंस्टाग्राम आईडी _devebh_don99X से अपलोड किया गया है। वीडियो कब बनाया गया और कब पोस्ट हुआ, यह स्पष्ट नहीं है। इसी आईडी से गैंग के अन्य पुराने वीडियो भी अपलोड किए गए थे, जिन्हें बाद में डिलीट कर दिया गया। सेंट्रल जेल में मुलाकात के दौरान मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित है।
मुलाकातियों की जांच भी की जाती है, इसके बावजूद मोबाइल अंदर ले जाकर वीडियो बनाया गया। इससे सुरक्षा व्यवस्था में चूक सामने आई है। जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने कहा कि चोरी-छिपे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार गोलीकांड की इस घटना में कांग्रेस नेता नागेंद्र राय और तारकेश्वर पाटले भी शामिल हैं। वारदात के बाद से दोनों आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। दावा किया जा रहा है कि दोनों आरोपी अपने परिजन और दोस्तों के संपर्क में हैं। लेकिन, पुलिस उन्हें अब तक फरार बता रही है।
