इंदिरा स्टेडियम के स्विमिंग पूल को 3 साल लीज पर देने की तैयारी,निगम से निर्धारित सदस्यता शुल्क लेना होगा

कोरबा,10अप्रैल।नगर निगम ने इंदिरा स्टेडियम परिसर के स्विमिंग पूल को 3 साल के लिए लीज पर देने की तैयारी शुरू की है। सालाना किराया 5 लाख रुपए होगा। इसके संचालन करने वाली संस्था को निगम की शर्तों को मानना पड़ेगा। स्विमिंग पूल की सदस्यता शुल्क भी निर्धारित की गई है। जिसमें 6 महीने और 1 साल के शुल्क में 500 रुपए की वृद्धि की गई है। निगम पहले स्विमिंग पूल का संचालन स्वयं ही करता था। लेकिन तैराकी सिखाने के लिए प्रशिक्षक की कमी बनी रहती थी। गर्मी के समय बड़ी संख्या में लोग स्विमिंग पूल पहुंचते हैं। इसके अलावा खिलाड़ी भी प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। जिले से हर साल 10 से 12 खिलाड़ी चैंपियनशिप में भाग लेते हैं। अभ्यास के लिए शहर में यह एकमात्र स्विमिंग पूल है। लेकिन स्विमिंग कोच की समस्या को देखते हुए ही अब संचालन के लिए लीज पर देने की तैयारी की है।

इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया भी चल रही है। लोगों को परेशानी ना हो इसके लिए पहले से ही सदस्यता शुल्क तय कर दिया है। 6 कैटेगरी में शुल्क को निर्धारित किया गया है। 1 महीने का 1 हजार, 2 महीने का 1500 रुपए, 3 महीने का 1750 रुपए, 6 महीने का 3 हजार रुपए और 1 साल का 5 हजार रुपए तय किया गया है। संचालन करने वाली संस्था को महिला और पुरुष प्रशिक्षक रखना भी अनिवार्य होगा। इसके साथ ही सुबह और शाम को रोज संचालन करना होगा।

लोगों को बेहतर सुविधा मिले इसका प्रयास: मेयर
मेयर राज किशोर प्रसाद का कहना है कि स्विमिंग पूल में लोगों को बेहतर सुविधा मिले इसका प्रयास किया जा रहा है। इसके संचालन के लिए टेंडर जारी हुआ है। इसमें क्या प्रावधान रखे गए हैं इसकी जानकारी ली जाएगी।