जयसिंह अग्रवाल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जा सकते है,मोहन मरकाम बन सकते हैं उपमुख्यमंत्री

नई दिल्ली, 6 अप्रेल। कांग्रेस हाईकमान छत्तीसगढ़ सरकार और संगठन में बड़ा फेरबदल कर सकता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और विधायक मोहन मरकाम को उप मुख्यमंत्री के रूप में मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है, जबकि प्रदेश के राजस्व मंत्री और कोरबा विधायक जयसिंह अग्रवाल को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

सूत्रों के अनुसार छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी में अध्यक्ष बदले जाने की कवायद अंतिम पायदान पर है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी चाहते हैं कि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के स्थान पर यदि किसी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा रहा है तो श्री मरकाम को प्रदेश मंत्रिमंडल में स्थान दिया जाए। लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्रिमंडल का कोटा पूरा है। दिल्ली में हाईकमान के अधिकांश लोग जिनमें राहुल गांधी भी शामिल है, मोहन मरकाम के पिछले 4 वर्षों के कामकाज से संतुष्ट हैं। क्योकि छत्तीसगढ़ में मरकाम के नेतृत्व में जितने भी विधानसभा के उप चुनाव और नगरीय निकाय चुनाव हुए उनमें कांग्रेस को सफलता मिली है।