कोरबा, 03 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान को और तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली और चौकी मानिकपुर पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में सघन मोटर साइकिल और पैदल पेट्रोलिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच की। साथ ही 11 गुंडा बदमाशों के घर पहुंचकर उनका सत्यापन किया गया और उन्हें अपराध से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।
2 जुलाई 2026 को नगर निरीक्षक और चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पुराने बस स्टैंड, सीतामणी चौक, मोतीसागरपारा, पावर हाउस रोड, राताखार चौक, सर्वमंगला, फोकटपारा, पानी टंकी मोहल्ला, शुभम ब्लॉक, मुड़ापार, रविशंकर नगर, अमरेया पारा समेत कई संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान वाहनों की सघन जांच की गई तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। पुलिस ने लोगों से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील भी की। इसके साथ ही आम नागरिकों को नशे से दूर रहने, सामाजिक शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस ने थाना कोतवाली और चौकी मानिकपुर क्षेत्र में रहने वाले 11 निगरानीशुदा गुंडा बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन किया। सभी को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि वे शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करें, किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहें और कानून का पालन करें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति किसी अपराध में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत आगे भी जिलेभर में लगातार सघन पेट्रोलिंग, निगरानी, सत्यापन और विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य अपराधों की रोकथाम, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, कानून व्यवस्था को मजबूत करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।

