बीजेपी दफ्तर में तोड़फोड़ करने वाले चार कांग्रेसी गिरफ्तार, राहुल गांधी की सदस्यता को लेकर कर रहे थे प्रदर्शन

कोरबा,26 मार्च। कोरबा में भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने युवक कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। राहुल गांधी की संसद सदस्यता मामले में युवक कांग्रेस के कार्याकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय में घुसकर हंगामा किया था। इसे लेकर भाजपा ने प्रदर्शन और चक्काजाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।

जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी को सूरत कोर्ट द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद उनकी संसद सदस्यता को खत्म कर दी गई है। इसके विरोध में तीन दिन पहले युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता टीपी नगर स्थित पंडित दीनदयाल कुंज जिला भाजपा कार्यालय में घुस गए। आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय में टायर जलाकर फेंका और बैनर-पोस्टर फाड़ दिए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने का भी आरोप है। इस हंगामे में मानिकपुर चौकी प्रभारी प्रेम साहू नीचे गिर गए थे।  काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने कांग्रेसियों को समझाया तब जाकर मामला शांत हुआ था। इसके विरोध में भाजपा ने सीएसईबी चौराहे पर जाम लगा दिया और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। अधिकारियों के द्वारा कार्रवाई करने का आश्वासन दिए जाने पर प्रदर्शन समाप्त हुआ था।

घटनाक्रम के तीसरे दिवस पुलिस ने भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़ करने के आरोप में युवक कांग्रेस के आशीष गुप्ता और अन्य को गिरफ्तार किया है। सीएसईबी चौकी प्रभारी शिवकुमार धारी ने बताया कि भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आशीष गुप्ता, मधुसूदन दास, जय किशन पटेल और अनिल खूटे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं अन्य की तलाश जारी है।