जांजगीर चांपा में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या:दो साल पहले हुई थी शादी, 11 महीने का बच्चा भी है, पुलिस जांच में जुटी - vedantsamachar.in

जांजगीर चांपा में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या:दो साल पहले हुई थी शादी, 11 महीने का बच्चा भी है, पुलिस जांच में जुटी

जांजगीर-चांपा ,02 जुलाई (वेदांत समाचार) : जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिवनी गांव में 22 वर्षीय नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।मृतका की पहचान आँचल सिदार के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले सिवनी निवासी सपन सिदार (24) से हुई थी। दंपति का 11 माह का एक बच्चा भी है। आँचल अपने पति और जेठानी के साथ एक ही घर में रहती थी।

पति सपन सिदार ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात आँचल अपने कमरे में गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब उसने दरवाजा नहीं खोला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की।

दरवाजा नहीं टूटने पर घर के पीछे से कमरे की छत की शीट हटाकर अंदर देखा गया, जहां आँचल फांसी के फंदे पर लटकी मिली। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।