Good News : Akasa Air का ऐलान, 1000 कर्मचारियों की करेगी हायरिंग

भारत समेत दुनियाभर में अलग-अलग सेक्टर की कंपनियां छंटनी कर रही हैं। इस माहौल के बीच भारत की एयरलाइन कंपनी आकाश एयर ने बड़े पैमाने पर हायरिंग का ऐलान किया है। कंपनी मार्च, 2024 तक लगभग 1000 और कर्मचारियों की नियुक्ति करेगी।

इसके साथ उसके कुल कर्मचारियों की संख्या 3000 के पार हो जाएगी। कंपनी के प्रमुख विनय दुबे ने यह जानकारी दी है। दुबे ने कहा-आज हमारे पास 2000 से ज्यादा कर्मचारी हैं और अगले वित्त वर्ष के खत्म होने से पहले कंपनी में 3000 से ज्यादा कर्मी होंगे, जिनमें से 1100 पायलट और चालक दल के सदस्य होंगे।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी अपने बेड़े और उड़ान मार्ग में लगातार विस्तार कर रही है। लगभग सात महीने पहले उड़ान सेवा शुरू करने वाली आकाश एयर इस साल के अंत तक अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी शुरू करने की योजना बना रही है।

क्या है प्लान: आकाश एयर के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) दुबे ने कहा कि कंपनी इस साल के अंत तक 100 से ज्यादा विमानों का ऑर्डर देगी। आकाश एयर ने 72 बोइंग 737 मैक्स विमानों का ऑर्डर दिया था, जिनमें से 19 उसके बेड़े में शामिल हो चुके हैं। 20वां विमान अप्रैल में शामिल होगा, जिसके बाद कंपनी विदेश में उड़ान सेवाएं देने योग्य हो जाएगी।

अगले वित्त वर्ष में कंपनी की योजना बेड़े में नौ और विमान जोड़ने की है, जिससे विमानों की कुल संख्या 28 हो जाएगी। कंपनी इस समय प्रतिदिन 110 उड़ानें संचालित करती है।