मानहानि मामले में Rahul Gandhi के समर्थन में उतरे CM केजरीवाल, ट्वीट कर भाजपा पर साधा निशाना

नई दिल्ली : गुजरात की सूरत के कोर्ट द्वारा राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को मानहानि के एक मामले में दो साल की सजा सुनाए जाने के बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) ने उनका समर्थन किया है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने केंद्र और गुजरात की भाजपा सरकार पर साजिश रचने का आरोप लगाया।

सीएम केजरीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की साजिश है कि गैर-बीजेपी नेताओं और पार्टियों पर मुकदमा चलाकर उन्हें खत्म कर दिया जाए। केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस के साथ हमारे मतभेद हैं, लेकिन राहुल गांधी को इस तरह मानहानि के मामले में फंसाना सही नहीं है। सवाल पूछना जनता और विपक्ष का काम है। हम अदालत का सम्मान करते हैं लेकिन फैसले से असहमत हैं।

आज गुजरात के सूरत की कोर्ट ने भाजपा विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी की ओर से दायर एक आपराधिक मानहानि मामले में राहुल गांधी को दोषी पाया। यह मामला 2019 के राष्ट्रीय चुनाव से पहले का है, जब राहुल गांधी कर्नाटक में प्रचार कर रहे थे और उन्होंने कहा कि ‘सभी चोरों का उपनाम मोदी है’; यह टिप्पणी नीरव मोदी जैसे भगोड़े कारोबारियों के संदर्भ में थी।

उन्होंने लिखा कि मेरा धर्म सत्य और अहिंसा पर आधारित है। सत्य मेरा भगवान है, अहिंसा इसे प्राप्त करने का साधन है। वहीं, प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि डरी हुई सत्ता की पूरी मशीनरी साम, दाम, दंड, भेद लगाकर राहुल गांधी की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। मेरे भाई न कभी डरे हैं, न कभी डरेंगे। सच बोलते हुए जिये हैं, सच बोलते रहेंगे। देश के लोगों की आवाज उठाते रहेंगे। सच्चाई की ताकत व करोड़ों देशवासियों का प्यार उनके साथ है।