बिलासपुर,01 जुलाई (वेदांत समाचार)। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बिलासपुर रेंज कार्यालय में मंगलवार को सेवानिवृत्त हो रहे उप निरीक्षक रामकुमार पटेल एवं प्रधान आरक्षक विरेन्द्र कुमार शास्त्री के सम्मान में गरिमामय एवं आत्मीय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने की। इस अवसर पर कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के लंबे, अनुशासित और उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
समारोह में आईजी राम गोपाल गर्ग ने दोनों अधिकारियों को श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ पुलिस विभाग की सेवा की है तथा उनका कार्यकाल अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
उप निरीक्षक रामकुमार पटेल ने मार्च 1984 में जिला बिलासपुर में आरक्षक के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। वर्ष 1997 में प्रधान आरक्षक, 2009 में सहायक उप निरीक्षक तथा 2020 में उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए। उन्होंने बिलासपुर, जांजगीर, कवर्धा एवं कोरबा सहित विभिन्न जिलों में सेवाएं दीं तथा वर्ष 2023 से आईजी कार्यालय में रीडर के रूप में पदस्थ थे। अपने लगभग 42 वर्ष के सेवाकाल में उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से 300 से अधिक पुरस्कार प्राप्त हुए तथा पूरे कार्यकाल में उनके विरुद्ध कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं हुई।
प्रधान आरक्षक विरेन्द्र कुमार शास्त्री ने 3 फरवरी 1994 को चालक के रूप में पुलिस विभाग में सेवा प्रारंभ की थी। वर्ष 2016 में उन्हें प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नत किया गया। उन्होंने मुंगेली एवं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) सहित विभिन्न जिलों में सेवाएं दीं और वर्ष 2021 से पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में पदस्थ थे।
अपने संबोधन में आईजी राम गोपाल गर्ग ने विशेष रूप से रामकुमार पटेल के बेदाग सेवाकाल और 300 से अधिक पुरस्कारों का उल्लेख करते हुए कहा कि विभाग को भविष्य में भी उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ मिलता रहेगा। उन्होंने दोनों अधिकारियों के स्वस्थ, सुखद एवं सफल जीवन की कामना की।

इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा, निरीक्षक (स्टेनो) अशोक वैष्णव, निरीक्षक सरिता तिवारी तथा प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश मिश्रा ने भी दोनों अधिकारियों के साथ बिताए अनुभव साझा करते हुए उनके अनुशासित एवं समर्पित सेवाकाल की सराहना की।
सेवानिवृत्त अधिकारियों रामकुमार पटेल एवं विरेन्द्र कुमार शास्त्री ने सम्मान के लिए आईजी राम गोपाल गर्ग एवं समस्त स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि पुलिस विभाग के साथ बिताया समय उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी रहेगा।
समारोह के समापन पर आईजी राम गोपाल गर्ग ने दोनों अधिकारियों को उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाओं के साथ विशेष वाहन से उनके निवास के लिए रवाना किया। कार्यक्रम का संचालन मुख्य लिपिक संजय रावत ने किया।

