KORBA : CISF की सतर्कता से गेवरा खदान में डीजल चोरी का प्रयास नाकाम, दो आरोपी गिरफ्तार... - vedantsamachar.in

KORBA : CISF की सतर्कता से गेवरा खदान में डीजल चोरी का प्रयास नाकाम, दो आरोपी गिरफ्तार…

कोरबा,01 जुलाई (वेदांत समाचार)। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की गेवरा परियोजना में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की सतर्कता से डीजल चोरी का एक प्रयास विफल हो गया। सीआईएसएफ की क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) ने मौके से दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़कर उनके कब्जे से लगभग 60 लीटर डीजल एवं चोरी में प्रयुक्त पाइप बरामद किया। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दीपका थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

सीआईएसएफ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 28 जून 2026 की रात करीब 10.30 बजे की है। क्यूआरटी में तैनात जवान नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान गेवरा खदान के गणेश डंपिंग क्षेत्र में खड़े डोजर क्रमांक-911 के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। सुरक्षा बल को अपनी ओर आता देख कुछ संदिग्ध वाहन सहित मौके से फरार हो गए, जबकि दो व्यक्तियों को क्यूआरटी टीम ने घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान कमल सिंह कंवर (24 वर्ष), निवासी पिंजरी झाबर तथा ओम प्रकाश (30 वर्ष), निवासी चेतमा, पाली रोड के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से डीजल निकालने में प्रयुक्त पाइप तथा करीब 60 लीटर डीजल बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में डोजर से डीजल चोरी करने के प्रयास की पुष्टि होने पर दोनों आरोपियों को दीपका पुलिस के हवाले कर दिया गया।

सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा के लिए बल लगातार सतर्क निगरानी रख रहा है। नियमित गश्त और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के चलते खदान क्षेत्रों में चोरी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार अंकुश लगाया जा रहा है। इस कार्रवाई को सीआईएसएफ की त्वरित प्रतिक्रिया और मुस्तैदी का एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।