राजनांदगांव,30 जून (वेदांत समाचार)। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय राजनांदगांव में पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह ठाकुर के सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय राजनांदगांव में सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज बालाजी राव ने उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गजेन्द्र सिंह ठाकुर ने वर्ष 1991 में सूबेदार के रूप में पुलिस विभाग में अपनी सेवा प्रारंभ की थी। लगभग 34 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने रायगढ़, राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, महासमुंद, रायपुर, दुर्ग, गरियाबंद, जगदलपुर सहित विभिन्न जिलों तथा पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय राजनांदगांव में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उत्कृष्ट कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर वे सूबेदार से रक्षित निरीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक और बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद तक पदोन्नत हुए।
अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए पुलिस विभाग में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके सेवानिवृत्त होने पर आयोजित समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक एलेक्जेंडर किरो, डीएसपी के.पी. मरकाम, अम्ब्रोस कुजुर, बृजेश सिंह भदौरिया, मीना चौधरी, रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर, सीडीआई विक्रम बघेल सहित पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

