CG BREAKING : राइस मिल में लगी आग, लाखों का धान खाक…

बिलासपुर। जिले के तखतपुर विकासखंड से बड़ी खबर सामने आ रही है। होलिका दहन की रात एक राइस मिल में भीषण आग लग गई। देर रात आंधी-बारिश के बीच शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। इस हादसे में मिल में रखे भूसे, धान और बोरियां जलकर खाक हो गए। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद छह फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग को बुझाया। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार रानीगांव में अग्रवाल राइस मील है। रतनपुर निवासी सुभाष अग्रवाल इसका संचालन करते हैं। मंगलवार की रात होलिका दहन पर राइस मिल के ज्यादातर कर्मचारी काम बंद कर अपने-अपने घर चले गए थे। देर रात करीब 2 बजे आंधी के साथ बारिश होने लगी।

तभी शार्ट सर्किट से चिंगारी उठने लगी जो राइस मिल में रखे भूसे तक पहुंच गई और देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। राइस मिल में जब आग लगी, तब धुओं के गुबार के साथ आग की लपटें आसमान की ओर उठने लगी, जिसे देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। उन्होंने आग बुझाने में मदद भी की। जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।