सरगुजा,30 जून(वेदांत समाचार) । सरगुजा जिले के डुमकी गांव में सोमवार शाम बिजली गिरने से 2 बच्चों और एक युवक की मौत हो गई। वहीं, एक बच्ची झुलस गई। तीनों बच्चे आम बीनने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान बैल चरा रहा एक युवक भी वहां आ गया। तभी अचानक पेड़ पर बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में चारों आ गए। यह घटना धौरपुर थाना क्षेत्र की है।
हादसे में सागर (5), रानी (9) और राम साय (36) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सागर की बड़ी बहन (12) श्रद्धा गंभीर रूप से घायल है। रायगढ़ में भी सोमवार शाम अचानक मौसम बदला और गरज चमक के साथ बारिश हुई। बता दें कि छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों में मानसून पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर लेगा, जिससे कई जगहों पर बिजली गिरने की भी आशंका है।

