प्रदेश में गर्मी के तीखे तेवर शुरु, अधिकतम व न्यूनतम तापमानों में रहेगी बढ़ोतरी….

रायपुर ,03 मार्च  मार्च का महीना शुरू होते ही प्रदेश में अब गर्मी बढ़ने लगी है। अधिकतम व न्यूनतम तापमानों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। गुरुवार को प्रदेश भर में रायगढ़ सबसे गर्म रहा। एडब्ल्यूएस रायगढ़ में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर का न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। मौसम विभाग का कहना है कि अब गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी का क्रम लगातार जारी रहेगा।

अब शुष्क रहेगा मौसम, और बढ़ेगी गर्मी दोपहर की धूप अब चुभने लगी है। रात में भी तापमान बढ़ने से उमस में बढ़ोतरी हो रही है। रायपुर सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि होली के बाद तपिश और बढ़ जाएगी। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी जारी रहेगी। मौसम के तीखे तेवर को देखते हुए कहा जा सकता है कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में मार्च महीना ज्यादा तपा सकता है।

इस वर्ष जनवरी और फरवरी का महीना भी पिछले वर्षों की अपेक्षा कम ठंडा रहा। लगातार बढ़ रही गर्मी के चलते अब शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ठंडे पेय पदार्थों के संस्थान बढ़ते जा रहे हैं। संस्थानों में उपभोक्ताओं की भीड़ भी बढ़ती जा रही है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश के उत्तर में उत्तर-पूर्व व दक्षिण में दक्षिण-पूर्व से हल्की नमीयुक्त हवा भी आ रही है। निम्न स्तर पर नमी आने की वजह से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। प्रदेश में मौसम का रुख अभी ऐसा ही रहेगा।

यह रहा तापमान

  • रायपुर 35.2 21.5
  • बिलासपुर 35.5 20.7
  • जगदलपुर 34.4 16.9
  • अंबिकापुर 31.9 16.5
  • पेंड्रा रोड 34.2 17.5