SECL के निदेशक (HR) बिरंची दास को MCL के निदेशक (HR) का अतिरिक्त प्रभार, 1 जुलाई से संभालेंगे नई जिम्मेदारी - vedantsamachar.in

SECL के निदेशक (HR) बिरंची दास को MCL के निदेशक (HR) का अतिरिक्त प्रभार, 1 जुलाई से संभालेंगे नई जिम्मेदारी

बिलासपुर, 29 जून (वेदांत समाचार)। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास को महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) के निदेशक (मानव संसाधन) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। केंद्रीय कोयला मंत्री की स्वीकृति के बाद जारी आदेश के अनुसार, वह 1 जुलाई 2026 से यह अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेंगे। यह व्यवस्था छह माह, नियमित निदेशक (मानव संसाधन) की नियुक्ति या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी।

बिरंची दास ने 20 मार्च 2024 को SECL के निदेशक (मानव संसाधन) का पदभार ग्रहण किया था। लगभग तीन दशक के अनुभव वाले दास ने मानव संसाधन प्रबंधन, औद्योगिक संबंध, कर्मचारी कल्याण और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

उनके नेतृत्व में SECL की प्रमुख CSR पहल “SECL की धड़कन” के तहत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 300 बच्चों की सफल हृदय सर्जरी कराई जा चुकी है। वहीं “SECL के सुश्रुत” योजना के दो बैच भी सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं। यह देश के किसी भी कोयला सार्वजनिक उपक्रम की पहली योजना बनी, जिसे भारत सरकार के डीबीटी (DBT) पोर्टल पर सूचीबद्ध किया गया।

मानव संसाधन के क्षेत्र में भी उनके कार्यकाल के दौरान उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की गई हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 से अब तक 1,623 से अधिक भू-स्वामियों और 946 आश्रितों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा कर्मचारी कल्याण, औद्योगिक संबंधों और संगठनात्मक विकास को मजबूत करने के लिए कई नवाचार और कर्मचारी हितैषी योजनाएं लागू की गईं।

बिरंची दास ने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1994 में महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) के तालचेर क्षेत्र स्थित देउलबेरा कोलियरी में वेलफेयर ऑफिसर (प्रशिक्षु) के रूप में की थी। उन्होंने उत्कल विश्वविद्यालय, ओडिशा से पर्सोनल मैनेजमेंट एवं इंडस्ट्रियल रिलेशंस में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है।

MCL में अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान उन्होंने औद्योगिक संबंधों को मजबूत करने, गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के आवास आवंटन नियमों और विभिन्न मानव संसाधन नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

वर्तमान में बिरंची दास छत्तीसगढ़ ईस्ट रेलवे लिमिटेड (CERL) और छत्तीसगढ़ ईस्ट-वेस्ट रेलवे लिमिटेड (CEWRL) के निदेशक मंडल के सदस्य भी हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए MCL में अतिरिक्त प्रभार मिलने को कोयला क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय माना जा रहा है।