कोरबा, 29 जून (वेदांत समाचार)। जिले की कुसमुण्डा पुलिस को लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने छह अलग-अलग चोरी के मामलों का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-संघर्षरत बालकों की संलिप्तता पाए जाने पर उनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के मोबाइल फोन, इनवर्टर, बैटरी, कपड़े, जूते सहित अन्य घरेलू एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 29 जून 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कुसमुण्डा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी और अविनाश कुमार यादव (18 वर्ष) निवासी कोसमंदा, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके साथियों ने थाना कुसमुण्डा क्षेत्र में कपड़ा दुकान का छप्पर तोड़कर चोरी, दुकानों में सेंधमारी और मकानों में चोरी जैसी कई घटनाओं को अंजाम दिया था। इसके अलावा थाना उरगा क्षेत्र स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस जांच में पता चला कि कुसमुण्डा थाना क्षेत्र की पांच चोरी की घटनाओं तथा उरगा थाना क्षेत्र की एक मोबाइल दुकान चोरी में दो विधि-संघर्षरत बालकों की भी भूमिका रही। दोनों बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी अविनाश यादव को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के मोबाइल फोन, इनवर्टर, बैटरी, कपड़े, जूते सहित अन्य घरेलू एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। जब्त सामान की पहचान कर उसे संबंधित प्रकरणों से जोड़ा जा रहा है।
कुसमुण्डा पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई से थाना कुसमुण्डा के पांच तथा थाना उरगा के एक चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ है। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

