Accident Breaking : यात्रियों से भरी बसअनियंत्रित होकर पलटी, 4 की मौत, 35 से अधिक यात्री घायल

मध्य प्रदेश के सागर जिले के छानबीला थाना क्षेत्र के निवार घाटी पर शनिवार सुबह इंदौर से छतरपुर जा रही बस पलट गई। इससे चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। यहां से कुछ यात्रियों को गंभीर चोट आने पर उन्हें सागर रेफर कर दिया गया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार गोल्डन ट्रैवल्स की बस क्रमांक MP16-P1286 शनिवार को इंदौर से सवारियां लेकर छतरपुर जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 6 बजे छानबीला थाना क्षेत्र में निवार घाटी के मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना की जानकारी लगते ही प्रशासनिक अमला, बचाव दल मौके पर पहुंचे। तहसीलदार एलपी अहिरवार, बंडा तहसीलदार कुलदीप सिंह सहित पुलिस बल ने बचाव कार्य किया।

Read More : Smriti Mandhana को मिली WPL-2023 में RCB की कप्तानी, कोहली और डुप्लेसी ने दिया यह गुरुमंत्र…

यात्री गहरी नींद में सो रहे थे

हादसे के वक्त बस में सवार यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। बीच घाट पर बस पलटने से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सुबह के करीब 6 बजे छानबीला थाना क्षेत्र में निवार घाटी के मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। 35 से ज्यादा यात्रियों को बहार निकाल कर इलाज के लिए भेजा गया है।

सूचना देने के बाद सबसे पहले 108 एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। एम्बुलेंस स्टाफ ने पुलिस के सहयोग से बस में फंसे घायल यात्रियों को निकालने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे तक की कड़ी मशक्कत के बाद अधिकांश घायल यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया। मृतकों में एक महिला, दो युवक और एक अधेड़ शामिल हैं। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।