दिव्यांग प्राची का सहारा बनी व्हील चेयर और MR किट

धमतरी ,17 फरवरी  कुरूद विकासखण्ड के ग्राम पंचायत मूरा से आए ग्रामीण मनहोरी यादव की बहु दिव्यांग पुत्री को जनसमस्या निवारण शिविर में तात्कालिक लाभ मिला। अब उनकी बेटी को कहीं लाने, ले जाने गोद में उठाना नहीं पड़ेगा।
कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी के निर्देशानुसार शुक्रवार को कुरूद विकासखंड के ग्राम पंचायत कोर्रा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जहां ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न मांग व समस्याओं को लेकर आवेदन दिया। इस दौरान ग्राम पंचायत मूरा से ग्रामीण मनहोरी राम यादव अपनी बहु दिव्यांग 12 वर्षीय पुत्री कुमारी प्राची यादव को साथ लेकर पहुंचे थे।

व्हील चेयर की मांग पर समाज कल्याण विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही दिव्यांग प्राची को व्हील चेयर के साथ एमआर किट निःशुल्क प्रदान किया गया। प्राची के पिता यादव ने बताया कि उनकी बेटी पैदाइशी दिव्यांग है। वह न बोल सकती है, न सुन सकती है। अपने कुछ भी काम करने में वह पूरी तरह अक्षम है। हाथ, पैर और शरीर के बाकी अंग पूरी तरह से निष्क्रिय हैं, जिसके चलते उसका कोई भी काम बिना किसी की मदद के संभव ही नहीं है। आज शिविर में उनकी बेटी को समाज कल्याण विभाग की ओर से व्हील चेयर और एमआर किट मंचस्थ अतिथि जनपद पंचायत कुरूद की अध्यक्ष श्रीमती शारदा साहू, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रोक्तिमा यादव ने प्रदान किया।

यह भी पढ़े :-Raipur News : महाशिवरात्रि का पर्व परमात्मा शिव के दिव्य अवतरण का मंगल सूचक : डॉ. चरणदास महंत

उप संचालक समाज कल्याण ने बताया कि कु. प्राची यादव बहु दिव्यांग है, जिसे विभाग की सहायक उपकरण प्रदाय योजना के तहत व्हील चेयर और एलिम्को एमआर किट निःशुल्क प्रदाय किया गया। जनसमस्या निवारण शिविर में सहायक उपकरण मिलने से खुश होकर यादव ने राज्य शासन का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस योजना के चलते अब उनकी बेटी व्हील चेयर के सहारे आसानी से आना-जाना कर सकेगी। वहीं एमआर किट के जरिए उसके बौद्धिक विकास में काफ़ी मदद मिलेगी।