रायपुर ,27 जून (वेदांत समाचार)।ओरछा थाना क्षेत्र के टेकला जंगल-पहाड़ी से फोर्स ने नक्सलियों के हथियारों का बड़ा डंप बरामद किया है। वहीं, छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी से 24 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। लगातार चलाए जा रहे सर्च और एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान मिली इस सफलता से नक्सली नेटवर्क को तगड़ा झटका लगा है।
पुलिस के मुताबिक, टेकला जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद छिपाकर रखा था। सूचना मिलते ही संयुक्त सुरक्षा बलों ने तत्काल मोर्चा संभाला। इलाके में सघन सर्चिंग ऑपरेशन शुरू किया।
जंगलों की खाक छानने के बाद जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप को खोज निकाला। डंप में फोर्स को 5 राइफल, 3 बंदूक बरामद हुई हैं। इनमें एक इंसास राइफल, 2 एसएलआर राइफल, 2 .303 राइफल, 2 30-06 बंदूक, 1 सिंगल-शॉट बंदूक है।
इसके अलावा एक बीजीएल लॉन्चर, इंसास, एसएलआर और .303 की मैगजीन सहित 250 से अधिक जिंदा कारतूस, 3 डेटोनेटर, 2 बायोफेंग स्कैनर भी बरामद किए गए हैं। छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी में 25 जून को चलाए गए सर्च अभियान के दौरान जवानों को जंगल में छिपाकर रखे गए 24 लाख रुपए नकद मिले।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह मोटी रकम नक्सली संगठन के संचालन, नए हथियारों की खरीद, कैडरों की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए सुरक्षित रखी गई थी। इतनी बड़ी नकदी जब्त होने से नक्सलियों का पूरा आर्थिक ढांचा चरमरा गया है।
लगातार अभियान से सफलता
पुलिस अफसरों के मुताबिक, ये दोनों बड़ी सफलताएं जिले के संवेदनशील इलाकों में चलाए जा रहे निरंतर सर्च अभियान और जवानों की मुस्तैदी का नतीजा हैं। नक्सलियों के मंसूबे समय रहते विफल कर दिए गए हैं।

