Raigarh News : बाल शहीद अबीर के नाम पर बने बाल उद्यान का हुआ अनावरण

रायगढ़ ,07 फरवरी  भारत के सबसे नन्हें शहीद अबीर त्रिपाठी का  8वां जन्मदिन रविवार को सर्किट हाऊस रोड स्थित बाल उद्यान में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी एवं शहीद अनुजा त्रिपाठी के सुपुत्र अबीर त्रिपाठी ने 13 नवम्बर 2021 को मणिपुर के सीमावर्ती क्षेत्र में अलगांववदियों के हमले का सामना करते हुए अपने माता-पिता के साथ अपने भी प्राणों की आहूति दी थी।

आजाद भारत के इतिहास में देश के लिये दिया गया यह बलिदान अपने आप में पहली घटना है। सर्किट हाऊस रोड स्थित बाल उद्यान जिसका नामकरण निगम प्रशासन द्वारा शहीद अबीर त्रिपाठी के नाम पर किया गया है तथा अबीर त्रिपाठी की प्रतिमा स्थापित की गई है। अबीर के 8वें जन्मदिन के अवसर पर 8 वर्ष से 10 वर्ष तक की उम्र के बच्चों के लिये देशभक्ति पर आधारित कविता एवं गीत पाठ का कार्यक्रम भी रखा गया था।

यह भी पढ़े :-Raigarh News : प्रधान पाठक ने लगाई फांसी, कारण अज्ञात

जिसमें शहर के प्रतिष्ठित स्कूलों से आये नन्हें छात्रों ने बढ़-चढ़ कर अपनी सहभागिता दर्ज की। नन्हें बच्चों ने देशभक्ति पर पूरी मुखरता के साथ कविता पाठ एवं गायन किया। जिसे वहां उपस्थित लोगों ने शिद्दत के साथ सुना और उसकी सराहना तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ करने में कोई कंजूसी नहीं की। इससे पूर्व सभी प्रतिभागियों को नन्हें शहीद अबीर की स्मृति में निर्मित विशेष स्पोर्टस टी-शर्ट आयोजक कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा प्रदान किया गया।

जिसे सभी प्रतिभागियों ने धारण कर पूरे वातावरण को अबीरमय कर दिया। काव्यपाठ से पूर्व शहीद अबीर त्रिपाठी की प्रतिमा का विधिवत अनावरण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा नन्हें बच्चों द्वारा हैप्पी बर्थ डे कहते हुए अबीर के जन्मदिन पर केक काट कर अपनी खुशी जाहिर की गई। इसी दौरान सर्किट हाऊस रोड स्थित मुक्तिधाम में शहीद अबीर त्रिपाठी की समाधि पर त्रिपाठी परिवार एवं अन्य गणमान्य नागरिकों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई।