भरभरा कर गिरा 5 मंजिला अपार्टमेंट, 50 से ज्यादा दबे, हादसे में सपा प्रवक्ता की मां-पत्‍नी की मौत…

लखनऊ 25 जनवरी  यूपी की राजधानी लखनऊ में मंगलवार शाम वजीर हसन रोड स्थित एक पांच मंजिला अपार्टमेंट ढह गया। पांच मंजिला इमारत में करीब 16 फ्लैट बने हुए थे। इन सभी में परिवार रह रहे थे। करीब 6:15 बजे शाम को हुए हादसे में 50 से अधिक लोग दब गए। करीब आठ बजे रेस्क्यू ऑपरेशन यहां नेशनल डिजास्टर रेस्पोंस फोर्स (एनडीआरएफ) ने पुलिस और अग्निशमन विभाग के साथ शुरू किया। शासन, प्रशासन, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सहित खुद उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, नगर विकास मंत्री एके शर्मा बचाव कार्य के लिए पहुंच गए।इस हादसे में सपा प्रवक्‍ता जीशान हैदर की मां बेगम हैदर और पत्‍नी उज्‍मा अब्‍बास की मौत हो गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि भूतल पर बनी पार्किंग में खोदाई कार्य चालू था। इसमें ड्रिलिंग बिल्डर की तरफ से कराई जा रही थी। जब हादसा हुआ। उस समय भी ड्रिलिंग होने की आवाजें लोगों ने सुनीं। वहीं, हादसे के बाद लोगों ने आंखों देखी भी बताई। कर्नल एससी सेठी का घर अलाया अपार्टमेंट से सटा हुआ है। कर्नल सेठी बताते हैं, हादसे के समय मैं बाथरूम में था। उस समय ड्रिलिंग की आवाज आ रही थी। अचानक से पूरा बाथरूम हिल गया। लगा जैसे भूकंप आ गया हो। खिड़कियों के कांच तक बजने लगे। बुरी तरह डर गए थे। बाहर निकल कर देखा तो अपार्टमेंट ढह चुका था। चारों तरफ केवल मलबा दिख रहा था। लोग अंदर दबे हुए थे। समझ में ही नहीं आया कि क्या करें। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित कराया।

करीब एक घंटे के बाद पुलिस और रेस्क्यू के लिए टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय निवासी अपार गुप्ता कहते हैं कि कई दिनों से यहां काम चालू था। ड्रिलिंग और तोड़फोड़ की आवाज से सोना तक मुश्किल हो गया था। हादसे से पहले भी ऐसी आवाजें आ रही थीं।राहत कार्य में जुटी बचाव टीमों ने अब तक 9 घायलों को बाहर निकाला है, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इधर, हादसे की खबर मिलते ही उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी घटनास्थल पर जा पहुंचे। राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि बिल्डिंग चार मंजिला थी। ढही इमारत के मलबे से सात लोग निकाले गए हैं, जिन्हें अचेत अवस्था में सिविल अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भेजा गया है। उन्होंने कहा कि अभी सबसे बड़ी चुनौती लोगों को बचाना है, लेकिन अभी यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि मलबे में कितने लोग फंसे हैं।

इस हादसे में पहली मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है। सिविल अस्पताल में अभी सपा प्रवक्‍ता जीशान हैदर की मां बेगम हैदर की मौत हुई है। सिविल अस्पताल के निदेशक ने मौत की पुष्टि करते हुए बताया क‍ि महिला के सीने और सिर में गंभीर चोटें आईं थीं। महिला को आज सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं सपा प्रवक्‍ता अब्‍बास हैदर की पत्‍नी उज्‍मा अब्‍बास का भी न‍िधन हो गया है। सपा प्रमुख अख‍िलेश यादव ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

अख‍ि‍लेश यादव ने ट्वीट कर कहा क‍ि समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अब्बास हैदर जी की माता जी बेगम हैदर एवं पत्नी उज़्मा अब्बास का निधन, अत्यंत दुःखद। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। भावभीनी श्रद्धांजलि।

हादसे की जांच के ल‍िए टीम गठ‍ित
डीजीपी डीएस चौहान ने बताया क‍ि कुछ लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं और उन्हें उचित ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। वे एक ही कमरे में हैं। हम दो लोगों के संपर्क में हैं। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, उचित जांच की जाएगी। वहीं सीएम योगी ने इस मामले में जांच के आदेश द‍िए हैं। शासन ने तीन सदस्‍यीय टीम का गठन कर एक सप्‍ताह में जांच र‍िपोर्ट मांगी है।