कोरबा, 24 जून 2026 (वेदांत समाचार)। कबीर जयंती के अवसर पर नगर पालिक निगम कोरबा ने 29 जून 2026 को निगम क्षेत्र के अंतर्गत संचालित सभी वधशालाओं और मांस विक्रय दुकानों को पूर्ण रूप से बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त दिन किसी भी प्रकार का पशुवध नहीं किया जाएगा और न ही मांस का विक्रय किया जा सकेगा।
नगर निगम द्वारा जारी आदेश के अनुसार कबीर जयंती के पावन अवसर को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। निगम क्षेत्र में संचालित सभी पशुवधगृह संचालकों एवं मांस विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे 29 जून को अपनी दुकानें पूरी तरह बंद रखें और निर्धारित आदेशों का पालन सुनिश्चित करें।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंधित तिथि पर किसी भी प्रकार के पशुवध अथवा मांस बिक्री की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी दुकान में मांस का विक्रय करते हुए पाया जाता है तो संबंधित मांस को तत्काल जप्त किया जाएगा तथा संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निगम प्रशासन ने सभी दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे कबीर जयंती के अवसर पर जारी निर्देशों का पालन करें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें। प्रशासन द्वारा निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए हैं।
कोरबा नगर निगम के इस आदेश के बाद 29 जून को पूरे निगम क्षेत्र में मांस बिक्री और पशुवध गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

