मुलायम सिंह को हुआ पाकिस्तानी लड़की से प्यार : नेपाल में की शादी, भारत में गिरफ्तार…

बेंगलुरु ,23 जनवरी  बेंगलुरु पुलिस ने सोमवार को एक युवक को पाकिस्तानी लड़की को फर्जी पहचान के साथ भारत लाने के लिए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 25 साल के मुलायम सिंह यादव के रूप में की है, जो उत्तर प्रदेश का निवासी है और सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता है। बता दें कि मुलायम ने 19 साल की इकरा जीवानी अवैध रूप से नेपाल के रास्ते भारत में घुसाया। पुलिस ने लड़की को एक सरकारी महिला गृह में भेज दिया है।

पाकिस्तानी युवती ने कुछ ही महीने पहले एक गेमिंग एप पर लूडो खेलते हुए उत्तर प्रदेश के युवक से मुलाकात के बाद उससे शादी कर ली थी। पुलिस के मुताबिक पाकिस्तानी लड़की नेपाल की सीमा को पार करके भारत में घुसी थी। जांच में पता चला है कि गेमिंग एप पर यादव ने इकरा से दोस्ती कर ली थी और बाद में दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया। कुछ महीने पहले उत्तर प्रदेश के रहने वाले मुलायम यादव ने युवती को नेपाल बुला लिया था।

वहीं पर दोनों ने शादी कर ली। यह जोड़ा बिहार के बीरगंज में जाने के लिए भारतीय सीमा के अंदर घुसा और फिर वहां से पटना पहुंचा। बाद में यादव और इकरा बेंगलुरु आए और यहीं जुनासंड्रा में एक किराये के घर में रहने लगे। मुलायम सिंह यादव ने भी सितंबर, 2022 से सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करना शुरू कर दिया। मुलायम ने अपनी पाकिस्तानी बीवी इकरा का नाम बदलकर रवा यादव करने के बाद उसके लिए एक आधार कार्ड का इंतजाम कर लिया था। उसकी मदद से उसने अपनी पत्नी के लिए भारतीय पासपोर्ट के लिए भी आवेदन किया था। इकरा केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के निशाने पर तब आ गई जब वह पाकिस्तान में अपने परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी।

यह भी पढ़े :-उद्योग प्रशिक्षण देकर स्थानीय युवाओं को रोजगार दें – मुख्यमंत्री श्री चौहान

केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने कर्नाटक की खुफिया एजेंसी को अलर्ट कर दिया। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने उनके घर पर छापा मारा और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों का कहना है कि आगे की जांच यह पता करने के लिए जारी है कि वह पाकिस्तान के किसी जासूसी गिरोह का हिस्सा तो नहीं है।