इटली का मोस्ट वांटेड माफिया गिरफ्तार, 30 साल से पुलिस कर रही थी तलाश

इटली ,17 जनवरी  इटली का मोस्ट वांटेड माफिया मेटिओ मेस्सिना डेनारो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इटली की पुलिस के लिए यह बहुत बड़ी सफलता है। पुलिस ने डेनारो को सोमवार को सिसिली के एक अस्पताल से गिरफ्तार किया था। बता दें कि डेनारो बीते 30 सालों से फरार था और पूरे इटली की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। डेनारो कैंसर का इलाज कराने एक अस्पताल पहुंचा था। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने डेनारो को अस्पताल से दबोच लिया। मेटिओ मेस्सिना डेनारो ने साल 1992 में एंटी माफिया अभियोजक जियोवानी फाल्कन और पाउलो बोरसेलिनो की हत्या कर दी थी।

इस घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। जिसके बाद डेनारो की तलाश में पूरे देश में छापेमारी शुरू हो गईं थी।खबर के अनुसार, इटली के पालेरामो इलाके में स्थित एक अस्पताल ला मेडेलेना में  मेस्सिना डेनारो (60 वर्ष) का कैंसर का इलाज चल रहा था। बीते कई साल से वह फर्जी नाम से अस्पताल में अपना इलाज करा रहा था। बीते साल ही डेनारो की सर्जरी भी हुई थी। इटली में डेनारो का कितना खौफ था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डेनारो की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोग पुलिस से हाथ मिला रहे थे और उन्हें शाबाशी दे रहे थे।

फिलहाल पुलिस ने डेनारो को गिरफ्तारी के बाद एक गुप्त स्थान पर रखा है। इटली के प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी भी सिसिली पहुंचे और वहां उन्होंने पुलिस चीफ से मिलकर उन्हें बधाई दी। डेनारो पश्चिमी सिसिली के कैसलवेटरानो नामक शहर का निवासी है और एक माफिया बॉस का बेटा है। डेनारो महंगी और लग्जरी कारों का शौकीन है और साथ ही उसे महंगे और लग्जरी सूट, रोलेक्स घड़ियां पहनने का भी शौक है। साल 1993 में रोम को फ्लोरेंस और मिलान शहरों में हुए बम धमाकों में भी डेनारो आरोपी है। इन बम धमाकों में 10 लोगों की मौत हुई थी।

इस मामले में डेनारो को उम्रकैद की सजा हुई थी। डेनारो पर 90 के दशक में कई और हत्याओं के भी आरोप हैं। अपने खिलाफ सबूत पर साल 1993 में डेनारो ने एक व्यक्ति के 12 साल के बच्चे का अपहरण कर लिया था। दो साल कैद में रखने के बाद बच्चे की हत्या कर दी गई थी और उसके शव को केमिकल में डाल दिया गया था। इटली में संगठित अपराध एक बड़ी समस्या है