CG NEWS : स्कूटी से बीयर और अंग्रेजी शराब की तस्करी नाकाम आरोपी गिरफ्तार... - vedantsamachar.in

CG NEWS : स्कूटी से बीयर और अंग्रेजी शराब की तस्करी नाकाम आरोपी गिरफ्तार…

रायगढ़,23 जून (वेदांत समाचार)। आज चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में चौकी खरसिया द्वारा बैक टू बैक दो कार्रवाई की गई। पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति नीले रंग की स्कूटी में शराब लेकर खरसिया से छाल की ओर जा रहा है। पुलिस टीम ने हमालपारा बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर स्कूटी सवार को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहन सिंह सिदार निवासी चंद्रशेखरपुर ऐड्डू, थाना छाल बताया। उसके कब्जे से बिना नंबर की होंडा एक्टिवा स्कूटी तथा पिठ्ठू बैग में रखी 10 बोतल सिम्बा बीयर, देशी प्लेन शराब और मैडऑफ व्हिस्की कुल 9 लीटर 50 मिलीलीटर शराब, जिसकी कीमत करीब 3,800 रुपये है, बरामद की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा प्रस्तुत आधार कार्ड के अवलोकन से उसका वास्तविक नाम योगेश सिदार पिता राम सिंह सिदार, उम्र 35 वर्ष, निवासी गोरखा वार्ड क्रमांक-43, थाना कोतरारोड़, रायगढ़ होना पाया गया।

आरोपी द्वारा झूठी पहचान बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। एक अन्य कार्रवाई में चौकी प्रभारी खरसिया को सूचना मिली कि ग्राम खोरसीपाली निवासी एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में अवैध कच्ची महुआ शराब लेकर खरसिया बस्ती की ओर बिक्री के लिए जा रहा है। पुलिस टीम ने हमालपारा रेलवे फाटक तालाब के पास घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा।

पूछताछ में उसने अपना नाम देवकुमार यादव पिता मनहरण यादव, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम खोरसीपाली, थाना खरसिया बताया। आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक पन्नियों में भरी कुल 10 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-AP-6121 जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के हमराह प्रशिक्षु उनि प्रवीण बांधव प्रशिक्षु उनि लता साहू, आरक्षक धनंजय कश्यप, साविल चंद्रा, कीर्ति राम सिदार, गोविन्द बनर्जी, सिदार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।