सक्ती,23 जून (वेदांत समाचार)। जिले के मालखरौदा और जैजैपुर थाना क्षेत्र में कारों के शीशे तोड़कर चोरी की वारदातों से लोगों में दहशत फैलाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी और अन्य सामान भी बरामद किया गया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मालखरौदा और जैजैपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में खड़ी चारपहिया वाहनों के शीशे तोड़कर चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। अज्ञात बदमाश रात के समय घरों और सड़क किनारे खड़ी कारों के शीशे पत्थर और ईंट से तोड़कर अंदर रखे नगदी, इलेक्ट्रॉनिक वायर, जैक, पाना और अन्य सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा के पर्यवेक्षण में विशेष टीम का गठन किया गया।
आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का सहारा लिया। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 20 से 25 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। घटना स्थलों के आसपास के मोबाइल टावरों का डंप डेटा लेकर लगभग 4000 मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया। इसके बाद संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में खरसिया, रायगढ़ सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। लगातार जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस ने आरोपी गुलशन कुमार बरेठ को उस समय गिरफ्तार किया जब वह दिल्ली भागने की फिराक में खरसिया रेलवे स्टेशन पहुंचा था। वहीं अन्य संदिग्धों को उनके घरों से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने मालखरौदा और जैजैपुर क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष सिदार उर्फ बिट्टू (19 वर्ष), निवासी ग्राम सुखदा, चौकी फगुरम, थाना डभरा और गुलशन कुमार बरेठ (18 वर्ष 9 माह), निवासी ग्राम सुखदा, थाना डभरा, जिला सक्ती के रूप में हुई है। इसके अलावा दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सामान में 4 हजार रुपये नगद, पांच जैक, पांच रॉड, दो बंडल इलेक्ट्रॉनिक वायर, दो स्टेपनी टायर और दो डीजल वाइब्रेटर मशीन बरामद की हैं। बरामद सामान की पहचान पीड़ितों द्वारा की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस गिरोह के खिलाफ कुल 11 अपराध दर्ज किए गए हैं। इनमें से छह मामले थाना मालखरौदा और पांच मामले थाना जैजैपुर में दर्ज हैं। आरोपियों ने काशीगढ़, जैजैपुर, तुषार, बोदसरा, कचंदा, पीहरीद, छोटे सीपत, कलमी और जमगहान सहित कई गांवों में वारदातों को अंजाम दिया था। चोरी की इन घटनाओं में लगभग 47 हजार रुपये मूल्य के नगदी और सामान की चोरी हुई थी।
मालखरौदा थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 178, 179, 181, 182, 183 और 184/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 324(3) के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा जैजैपुर थाना में भी पांच अलग-अलग प्रकरण पंजीबद्ध किए गए थे। पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक प्रवीण राजपूत, थाना प्रभारी मालखरौदा, उप निरीक्षक भूपेंद्र चंद्रा, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. कवर, साइबर सेल टीम तथा थाना मालखरौदा और जैजैपुर के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

