कोरबा में रोगी सहायता समूह की पहली जिला स्तरीय बैठक आयोजित, सिकल सेल और बाल-मधुमेह पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर - vedantsamachar.in

कोरबा में रोगी सहायता समूह की पहली जिला स्तरीय बैठक आयोजित, सिकल सेल और बाल-मधुमेह पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर

कोरबा, 23 जून (वेदांत समाचार)। जिला स्वास्थ्य समिति, कोरबा द्वारा जिला पंचायत सभागार में रोगी सहायता समूह की प्रथम जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य बच्चों में बढ़ रही गैर-संचारी बीमारियों, विशेष रूप से सिकल सेल रोग एवं बाल-मधुमेह (जुवेनाइल डायबिटीज) के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर पहचान सुनिश्चित करना तथा प्रभावित बच्चों और उनके परिवारों को बेहतर उपचार एवं सहयोग उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम में कोरबा की महापौर अंजू देवी राजपूत विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सिकल सेल और बाल-मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, सही उपचार और सामुदायिक सहयोग के माध्यम से इन रोगों से प्रभावित बच्चों का जीवन बेहतर बनाया जा सकता है।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सिकल सेल रोग और बाल-मधुमेह के कारणों, लक्षणों, रोकथाम, समय पर जांच एवं उपचार की प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही रोगी सहायता समूहों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। विशेषज्ञों ने बताया कि ऐसे समूह मरीजों और उनके परिजनों को मानसिक, सामाजिक एवं चिकित्सकीय सहयोग प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों पर चर्चा करते हुए यह भी बताया गया कि गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान और निरंतर निगरानी से गंभीर जटिलताओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संगठनों और स्थानीय समुदायों के बीच समन्वय आवश्यक है।

महापौर अंजू देवी राजपूत ने जिला स्वास्थ्य समिति, स्वास्थ्य विभाग, यूनिसेफ छत्तीसगढ़ तथा सहयोगी संस्थाओं द्वारा शुरू की गई इस पहल को सराहनीय बताते हुए सभी आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए।

बैठक में पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, सिकल सेल नोडल अधिकारी डॉ. रात्रे, यूनिसेफ के डॉ. अक्षय तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सा विशेषज्ञ, रोगी सहायता समूहों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।