महिला कोच से छेड़छाड़, खेल मंत्री के खिलाफ एफआईआर

दिल्ली ,01जनवरी  हरियाणा के खेल मंत्री और पूर्व हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह के खिलाफ महिला कोच की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। चंडीगढ़ के सेक्टर 26 पुलिस स्टेशन में खेल मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। चंडीगढ़ पुलिस ने बताया है कि संदीप सिंह के खिलाफ 31 दिसंबर को आईपीसी की धारा 354, 354A, 354B, 342, 506 के तहत केस दर्ज किया गया है। 

भारतीय हॉकी टीम के पूर्व स्टार खिलाड़ी और हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह पर महिला कोच से छेड़छाड़ के आरोप में चंडीगढ़ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। चंडीगढ़ के एसपी से मुलाकात कर महिला कोच ने खेलमंत्री के खिलाफ शिकायत दी थी। अब मंत्री के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। 

जूनियर महिला कोच ने आरोप लगाए हैं कि मंत्री ने उसे चंडीगढ़ स्थित अपनी कोठी पर बुलाया और छेड़छाड़ की। महिला ने बताया कि कुछ माह पहले ही खेल विभाग में बतौर कोच उसकी ज्वाइनिंग पंचकूला में हुई, लेकिन मंत्री ने हस्तक्षेप कर झज्जर तबादला करवा दिया।

महिला कोर्च ने इनैलो नेता अभय चौटाला से मुलाकात के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. आरोप लगाया था कि दस्तावेज जांच के बहाने मंत्री ने उसे चंडीगढ़ सेक्टर-7 स्थित अपनी कोठी पर बुलाया था. खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेस कर महिला कोच के आरोपों से इंकार किया है।  उन्होंने कहा था कि महिला कोच का तबादला किया गया था, इसलिए वह आरोप लगा रही हैं।