CG BREAKING:उधारी के पैसे मांगने पर घर में घुसकर हमला, पांच आरोपी गिरफ्तार - vedantsamachar.in

CG BREAKING:उधारी के पैसे मांगने पर घर में घुसकर हमला, पांच आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 20 जून। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में उधारी के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दुकान संचालक के साथ मारपीट करने और उसके घर में घुसकर धमकी देने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भैंसो निवासी मुकेश लहरे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जून की सुबह चंडीपारा निवासी आकाश जायसवाल उर्फ आगा अपने साथियों के साथ उसकी दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि उसने पांच पैकेट सिगरेट और दस नग राजश्री लेने के बाद भुगतान नहीं किया। पैसे मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और विवाद शुरू कर दिया। इस दौरान मुकेश ने घटना का वीडियो बना लिया।

शिकायत के अनुसार कुछ समय बाद आरोपी दोबारा दुकान पहुंचे और वीडियो हटाने का दबाव बनाने लगे। आरोप है कि वे पाइप और डंडों से लैस होकर आए तथा दुकान में घुसकर मारपीट की। जान बचाने के लिए मुकेश घर के अंदर भागा, लेकिन आरोपी वहां भी घुस गए और उसके साथ मारपीट करते हुए वीडियो डिलीट नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी।

मामले की रिपोर्ट पर पामगढ़ थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में आकाश जायसवाल उर्फ आगा (28 वर्ष), विकास यादव उर्फ मुक्कु (21 वर्ष), विशाल मरकाम उर्फ रिंकू सिदार (26 वर्ष), सूरज कश्यप उर्फ गोलू (23 वर्ष) तथा संजय कश्यप (26 वर्ष) शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उपनिरीक्षक सरोज पाटले सहित थाना पामगढ़ के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।