रामाफोसा दूसरी बार बने दक्षिण अफ्रीका की सत्तारूढ़ पार्टी के अध्यक्ष

जोहान्सबर्ग ,20 दिसम्बर  दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा को दूसरी बार देश की सत्तारूढ़ अफ्रीकी नेशनल कांग्रेस का प्रमुख चुन लिया गया है। रामाफोसा को 16 दिसंबर को जोहान्सबर्ग में शुरू हुए अफ्रीकी नेशनल कांग्रेस के 55वें राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान अगले पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए फिर से अध्यक्ष चुना गया। राष्ट्रपति को 2,476 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी ज्वेली मखिजे को 1,897 वोट मिले। ANC राष्ट्रीय सम्मेलन में देश भर से लगभग 4,500 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यह सम्मेलन पांच वर्ष में एक बार होता है।

देश में 1994 से अफ्रीकी नेशनल कांग्रेस की सरकार है और पार्टी 2024 के संसदीय चुनाव में छठे कार्यकाल के लिए सत्ता पर काबिज होने की उम्मीद कर रही है। पार्टी ने एक नए उप नेता पॉल मशातिले को भी चुना है। जिन्होंने रामाफोसा के पसंदीदा उम्मीदवार को हराकर जीत हासिल की है। मशातिले अब दक्षिण अफ्रीका के उप-राष्ट्रपति बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं और रामाफोसा के सत्ता से बाहर होने की स्थिति में राष्ट्रपति भी बन सकते हैं।