हवा भरते वक्त फटा टायर, 15 फीट उछला युवक, CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा... - vedantsamachar.in

हवा भरते वक्त फटा टायर, 15 फीट उछला युवक, CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा…

चकरभाठा,19 जून (वेदांत समाचार)। चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। जेसीबी मशीन के पंचर टायर में हवा भरने के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास खड़ा 18 वर्षीय हेल्पर उमाकांत कौशिक करीब 15 फीट ऊपर हवा में उछल गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। निर्माण स्थल पर जेसीबी के टायर की मरम्मत का कार्य चल रहा था।

पंचर बनाने के बाद उसमें हवा भरी जा रही थी, तभी टायर फट गया। हादसे में उमाकांत कौशिक की मौत हो गई, जबकि जेसीबी ऑपरेटर, मैकेनिक समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टायर फटने और हेल्पर के हवा में उछलने का भयावह दृश्य कैद हुआ है। सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तकनीकी खामी, लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ। इस दर्दनाक घटना ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।