सुबह 3 बजे से खाद के लिए लाइन में लगे किसान, नहीं मिला तो हाईवे पर किया चक्का जाम

श्योपुर जिले में खाद संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की सुबह सैकड़ों किसान खाद लेने के लिए विपणन संस्था के गोदाम पर लाइन में लगे थे, लेकिन सुबह जब कर्मचारियों ने खाद देने से मना कर दिया तो गुस्साए किसानों ने श्योपुर- शिवपुरी हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। जाम की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार, एसडीओपी मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसानों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।

ज्ञात हो कि पिछले 10 दिन से विपणन संस्था के गोदाम पर खाद का स्टॉक नहीं था। किसानों को शुक्रवार की शाम संस्था गोदाम पर खाद आने की सूचना मिली थी। इसलिए वह खाद लेने के लिए सुबह 3 बजे ही गोदाम पर पहुंचकर लाइन में लग गए। सुबह तक करीब 800 किसान लाइन में खड़े हुए थे। तभी संस्था के कर्मचारियों ने किसानों से यह कह दिया कि अभी खाद का स्टॉक नहीं आया है इसलिए खाद नहीं मिलेगा। इस बात से किसान नाराज हो गए और उन्होंने संस्था के गोदाम के सामने ही हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक किसान हंगामा करते रहे। इसके बाद तहसीलदार संजय जैन और एसडीओपी राजू रजक मौके पर पहुंचे किसानों से चर्चा करने के बाद समझाइश दी तब जाकर किसानों ने जाम हटाया।

1 दिन पहले भी पुलिस के पहरे में बंटा खाद

खाद के लिए किसान अभी भी परेशान है। इसीलिए किसान खाद के लिए कतार में लगने को विवश बना हुआ है। शुक्रवार को शहर के धान मिल फीडर स्थित मार्कफेड के खाद विक्रय केंद्र पर किसान खाद के लिए कतार में लगे रहे। पुलिस सुरक्षा के बीच खाद का वितरण किया गया, किसान सुबह से लेकर देर शाम तक खाद के लिए कतार में लगे हुए दिखाई दिए। किसानों में खाद संस्थाओं से न मिलने और यहां पर भी कतार में लगने को विवश होने से नाराज है। किसानों का कहना है कि खाद के लिए किसान को परेशान होना ही पड़ता है।

खाद नहीं मिलने से नाराज किसानों ने सुबह हाईवे पर जाम लगा दिया था। सूचना मिलने के बाद हम मौके पर पहुंच गए थे। किसानों को समझाइश देकर जाम हटवा दिया गया है।