आत्महत्या करने टावर पर चढ़ा युवक… शराब लेकर आई पुलिस तो उतरा नीचे…

भोपाल,16 दिसम्बर  शराब के नशे में धुत युवक पुलिस थाना परिसर में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक की इस हरकत को देखने के लिए थाना परिसर में भीड़ जुट गई। युवक नीचे उतरने को कतई तैयार नहीं था। उसने अपने गले में फांसी का फंदा पहना था। काफी मिन्नतों और मन क़ी  मुराद  पूरी होने के बाद युवक नीचे उतरा।


यह पूरा वाकया मध्य प्रदेश के मुंगावली अशोकनगर का है, जहां ईसागढ़ निवासी कल्ला लोधी अपनी बहन को लेने के लिए उसके ससुराल पहुंचा था। इस दौरान बहन ने जब जाने से मना कर दिया तो इस बात को लेकर उसक़ा  परिजनों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बहन के ससुराल वालों ने कल्ला की पिटाई कर दी। जब मारपीट की गई तो नाराज भाई ने पहले तो शराब पी और फिर आत्महत्या करने के लिए रस्सी का फंदा बनाकर मुंगावली थाना परिसर में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

युवक की इस हरकत की जानकारी जैसे ही उसके रिश्तेदारों को हुई। उसके रिश्तेदार भी थाना परिसर में पहुंच गए। कल्ला की बहन समेत सभी रिश्तेदार उससे टावर से नीचे उतरने की मिन्नत करने लगे। मगर कल्ला किसी क़ी भी सुनने को तैयार नहीं था। पुलिस वाले भी कल्ला से नीचे उतरने की बात कर रहे थे। उसने टावर से नीचे उतरने के लिए एक शर्त रखी। कल्ला ने कहा कि उसे शराब चाहिए और टावर के ऊपर लाकर यदि को उसे शराब देगा तभी वह नीचे आएगा।

युवक टावर पर चढ़कर बार-बार आत्महत्या करने की बात कर रहा था। पुलिस के साथ-साथ नगर पालिका के कर्मचारी पर मौके पर पहुंच गए थे। नगर पालिका के कर्मचारी भी कल्ला को टावर नीचे उतरने की बात कर रहे थे, मगर नशे मे धुत कल्ला बार-बार और शराब की मांग कर रहा था। पुलिस और नगर पालिका के कर्मचारियों को भी यह अंदेशा होने लगा था कि यह नशे में कहीं कोई गलत कदम ना उठे ले। जिसके बाद पुलिस व नगर पालिका के कर्मचारी शराब लेकर टावर पर पहुँचे। कल्ला पुलिस से शराब लेने के बाद शांत हो गया और टावर से नीचे उतर गया। पुलिस और नगर पालिका के कर्मचारी की सूझबूझ से कल्ला की जान बचा ली गई।