छत्तीसगढ़ से ख़त्म हुआ मंडौस का असर, अब गिरेगा तापमान

रायपुर ,16 दिसम्बर  छत्तीसगढ़ के मौसम पर चक्रवाती तूफान मंडौस का असर खत्म हो गया है और अनुमान है कि अगले कुछ दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, प्रदेश में उत्तर से ठंडे और शुष्क हवाओं का आगमन शुरू हो रहा है। 16 दिसम्बर को मौसम सूखा रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना भी बन रही है। अगले 3 दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक गिरावट संभावित है। यानी मौसम सामान्य होने की स्थिति में पहुंच जाएगा।

गुरुवार तक तापमान असामान्य रूप से गर्म रहा है। रायपुर में सूर्योदय से पहले दर्ज न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य न्यूनतम तापमान से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक था। दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री रहा जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से सात डिग्री अधिक है। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहा। यह सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस अधिक है।