महानदी बेलाही पुल पर बड़ा हादसा: रेलिंग तोड़कर हवा में लटका रेत से भरा ट्रैक्टर, चालक ने कूदकर बचाई जान... - vedantsamachar.in

महानदी बेलाही पुल पर बड़ा हादसा: रेलिंग तोड़कर हवा में लटका रेत से भरा ट्रैक्टर, चालक ने कूदकर बचाई जान…

अभनपुर, 19 जून(वेदांत समाचार)। अभनपुर के नवापारा-मगररोड स्थित महानदी बेलाही पुल पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रेत से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए हवा में लटक गया। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे के बाद पुल पर लंबा जाम लग गया और लोगों की भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर रेत लेकर नवापारा की ओर जा रहा था।

इसी दौरान सामने आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए किनारे पर लटक गया। इस हादसे में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद पुल पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा यातायात को सुचारू करने की कवायद शुरू की गई। इधर ग्रामीणों ने सिटी स्पोर्ट्स क्लब में आने वाले लोगों पर पुल के ऊपर ही वाहन पार्क करने का आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि पुल पर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और प्रशासन को इस पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। चालक की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने पुल पर यातायात व्यवस्था और अवैध पार्किंग को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।