तालाब में मिली अज्ञात व्यक्ति की लाश पानी में तैरता दिखा शव, जांच में जुटी पुलिस... - vedantsamachar.in

तालाब में मिली अज्ञात व्यक्ति की लाश पानी में तैरता दिखा शव, जांच में जुटी पुलिस…

सकरी, 19 जून(वेदांत समाचार)। सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरभट्ठीकला गांव में स्थित तेली तालाब से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार ग्राम चोरभट्ठीकला के सरपंच शिवदयाल यादव ने पुलिस को सूचना दी कि गांव के तेली तालाब में एक व्यक्ति का शव पानी में तैरता दिखाई दे रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। वह गुलाबी और काले रंग की चेक शर्ट पहने हुए था। प्रारंभिक जांच में उसकी पहचान नहीं हो सकी, जिसके चलते पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।सकरी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है तथा हाल ही में लापता हुए लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।