कोरबा, 18 जून (वेदांत समाचार)। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत उरगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अडानी पावर प्लांट परिसर में चोरी की साजिश को विफल कर दिया। सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 जून की रात अडानी पावर प्लांट, पताढ़ी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां दिखाई दीं। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए संदिग्धों पर नजर रखी और घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा चोरी की नीयत से प्लांट परिसर में प्रवेश करना स्वीकार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की। मामले में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 346/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 3(5) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कुंदन कुमार श्रीवास उर्फ दाऊ (20 वर्ष), सोमेंद्र कुमार कर्ष उर्फ अप्पी (24 वर्ष), शिवकुमार श्रीवास उर्फ शिव (26 वर्ष) तथा संपत कुमार धीवर (20 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी उरगा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और नागरिकों की सतर्कता अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पुलिस द्वारा “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

