कांग्रेस विधायक दल की बैठक में होगा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री का फैसला

रायपुर , 09 दिसम्बर । हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद मुख्यमंत्री पर फैसला करने के लिए कांग्रेस विधायक शुक्रवार को शिमला में बैठक करेंगे। हिमाचल कांग्रेस विधायक दल की बैठक शुक्रवार दोपहर 3 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में होगी। बैठक में हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, पर्यवेक्षक भूपेश बघेल और भूपेंद्र हुड्डा भी मौजूद रहेंगे। 

कांग्रेस के लिए प्रतिभा सिंह सहित विभिन्न उम्मीदवारों के बीच अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार चुनना एक बड़ा काम है। पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू और सीएलपी नेता मुकेश अग्निहोत्री को इस पद के अन्य दावेदारों के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले गुरुवार को शुक्ला ने कहा था कि पार्टी प्रमुख तय करेंगे कि हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन होगा।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को घोषित परिणामों में हिमाचल प्रदेश में पांच साल बाद कांग्रेस की सत्ता में वापसी हुई है। 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस ने सत्ता विरोधी लहर पर सवार होकर 40 सीटें जीतीं। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने जहां 40 सीटें जीतीं, वहीं बीजेपी ने 25 सीटों पर जीत हासिल की। निर्दलीयों ने तीन सीटें जीतीं और आप राज्य में अपना खाता खोलने में विफल रही।