निवेश के लिए आदर्श राज्य है मध्यप्रदेश : शिवराज चौहान

भोपाल,08दिसंबर  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश भारत का सबसे तेजी से बढ़ता प्रदेश है। हम देश का दिल हैं। देश के मध्य में स्थित मध्यप्रदेश में वन, पर्याप्त जल तथा विद्युत आपूर्ति, लेण्डबैंक, खनिज संसाधन उपलब्ध हैं। कृषि उत्पादन में हम अग्रणी हैं, यहाँ निवेश की अपार संभावनाएँ हैं। राज्य सरकार मध्यप्रदेश को निवेश के लिए आदर्श राज्य के रूप में प्रस्तुत करने के लिए निरंतर सक्रिय है।

मैं स्वयं प्रत्येक सोमवार को उद्योगपतियों से भेंट करता हूँ और यह मानता हूँ कि मैं मुख्यमंत्री के साथ-साथ मध्यप्रदेश का सी.ई.ओ. भी हूँ। मुख्यमंत्री श्री चौहान निवास कार्यालय से यू.एस.ए. के उद्योगपतियों और फ्रेंड्स ऑफ एमपी से मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर वर्चुअली संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उन्हें इंदौर में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट तथा प्रवासी भारतीय सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश शांति का टापू है। यहाँ कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर है। मेन डेज़ लॉस की स्थिति नहीं है। निरंतर विकसित हो रही अधोसंरचना से देश की राजधानी दिल्ली और प्रमुख बंदरगाहों तक कम समय में पहुँचा जा सकता है। प्रदेश में विभिन्न उद्योगों के लिए प्रगतिशील नीतियाँ लागू हैं, शासकीय मशीनरी का व्यवहार मित्रवत है। ईज ऑफ डूईंग बिजनेस, सिंगल विण्डो सिस्टम तथा उद्योग लगाने से संबंधित सभी शासकीय प्रक्रियाओं के सरलीकरण से सिंगल टेबल पर अनुमोदन और समस्याओं के समाधान की व्यवस्था है।

यहाँ राज्य और निवेशक दोनों की प्रगति के लिए सकारात्मक स्थितियाँ विद्यमान हैं। प्रदेश में दक्ष मानव संसाधन, आई.आई.टी., आई.आई.एम., इंजीनियरिंग व मेडिकल कॉलेज, फॉर्मेसी, आई.टी.आई. जैसी संस्थाएँ तथा उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण की सुविधा, उद्योग स्थापना और उनके संचालन को सुगम बनाती हैं। प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा, खाद्य प्र-संस्करण, फार्मा, गारमेंट्स एवं टेक्सटाईल, इलेक्ट्रिकल व्हीकल, सूचना प्रौद्योगिकी, सायबर सिक्योरिटी में निवेश की अपार संभावनाएँ हैं तथा स्पेशल निवेश प्रोत्साहन पैकेज का क्रियान्वयन भी जारी है।