राष्ट्रीय नृत्य संगीत प्रतियोगिता (निनाद) में कोरबा की ईशिता रही प्रथम

कोरबा, 08 दिसम्बर । संगीत कला केंद्र आगरा में अखिल भारतीय 58वीं संगीत प्रतियोगिता (निनाद) का आयोजन किया गया। देश के अलावा टैक्सास, कैलिंफोर्निया व न्यू जर्सी जैसे सात समुंदर पार से इस मंच पर प्रस्तुति देने आए कलाकारों के बीच जिले की नन्हीं कलाकार इशिता कश्यप ने कथक नृत्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया है। यह नन्हीं..बाल नृत्यांगना केंद्रीय विद्यालय क्रमांक- 2 एनटीपीसी में कक्षा चतुर्थ की प्रतिभावान छात्रा है। पंडित रघुनाथ तालेगांवकर फाउंडेशन ट्रस्ट आगरा के तत्वावधान में महर्षि पंडित विष्णु दिगंबर पलुस्कर की पुण्य स्मृति में हुए कार्यक्रम में कोरबा की नन्हीं बालिका इशिता ने एक बार फिर अपनी संस्था सुरताल संगीत कला केंद्र बालको के साथ-साथ पूरे जिले को गौरवान्वित।।23 दिन चली इस प्रतियोगिता में देश की जाने-माने 21 संगीत केंद्रों के साथ टैक्सास, कैलिफोर्निया एवं न्यू जर्सी जैसे देशों के भी संगीत प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में कत्थक नृत्य के साथ साथ शास्त्रीय गायन, तबला वादन, स्वर वाद्य वादन, भजन गायन, लोक गायन, भरतनाट्यम एवं लोक नृत्य को भी आयोजन किया गया था।

इशिता ने कथक नृत्य किशोर वर्ग (10से 15वर्ष) में भाग लेकर प्रथम स्थान हासिल किया है। इससे पहले भी उसने अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा साबित की है। विगत दिनों दुबई की अंतर्राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान (गोल्ड मेडल) प्राप्त किया। इशिता कश्यप केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एन टी पी सी कोरबा में कक्षा चतुर्थ की छात्रा है। महज 10 वर्ष की आयु में इशिता की इस उपलब्धि से संगीत गुरुओं एवं विशेषज्ञों ने खुशी जाहिर करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।

अब मलेशिया की अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा की तैयारी

इशिता अब अगली कड़ी में 4 जनवरी से मलेशिया में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता की तैयारी में जुट गई है। वह पांच वर्षों से ख्याति लब्ध तबला।वादक एवं नृत्य गुरु मोरध्वज वैष्णव से कत्थक नृत्य संगीत की नियमित शिक्षा ले रही है। बालिका के पिता रघुनंदन कश्यप (शिक्षक ) एवं माता अनिता कश्यप इस उपलब्धि के पीछे योग्य गुरु का सानिध्य एवं बालिका के लगन एवं मेहनत को श्रेय दे रहे हैं, जिनके उचित मार्गदर्शन में चलकर सफलता मिली है। उसकी नित नई सफलताओं से उनके गुरु, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी की प्राचार्य श्रीमती एम शारदा राव, विद्यालय के संगीत शिक्षक अशोक देवांगन ने उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया है। इस उपलब्धि पर माता पिता एवं परिजनों एवं स्कूल के सहपाठियों में उत्साह है।