अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचला, 7 लोगों की दर्दनाक मौत, मची चीख पुकार

रतलाम , 05 दिसम्बर। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में दर्दनाक हादसा हो गया है। एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बैठे लोगों को  रौंद दिया। हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत होने की खबर है। हादसा टायर फटने से होना बताया जा रहा है। हादसा सातरूंडा के पास रतलाम इंदौर फोरलेन पर हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ट्रक की रफ्तार ज्यादा थी और अचानक उसका टायर फट गया। जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे लोगों की ओर चला गया और कई को रौंद दिया। मौके पर 7 लोगों की मौत हो गई। 10 घायल अस्पताल में भर्ती हैं। हादसे के फुटेज देखकर और प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। मौके पर लोगों के क्षत-विक्षत शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज भिजवाए हैं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना भयावह है कि जहां-जहां से ट्रक गुजरा है, वहां-वहां लाशें पड़ी हैं। ट्रॉले के पहिये के नीचे भी कुछ लोग दबे थे। स्थानीय लोगों की मानें तो दस से ज्यादा लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। घटना रविवार शाम करीब 5 बजे के आसपास की है। सातरुंडा चौराहे पर कुछ लोग सड़क किनारे बैठकर बस का इंतजार कर रहे थे। तभी हाईवे से गुजर रहा ट्रक अनियंत्रित हो गया और लोगों को रौंदते हुए निकल गया।

कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी अभिषेक तिवारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। घायलों को अस्पताल भिजवाया जा रहा है। बिलपांक थाना पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से अब तक 12 घायलों को रतलाम जिला अस्पताल लाया गया है। इनमें से कुछ ही हालात गंभीर बताई जा रही है।