रायपुर, 17 जून 2026 (वेदांत समाचार)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 किलो 451 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो अंतर्राज्यीय तस्करों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे और अन्य सामग्री की कुल कीमत लगभग 6 लाख 72 हजार 550 रुपये आंकी गई है।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में गुढ़ियारी, पण्डरी और उरला थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।
झांसी के दो अंतर्राज्यीय तस्कर रायपुर में गिरफ्तार
गुढ़ियारी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक गांजे की खेप लेकर क्षेत्र में पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर कबीर चौक ओवरब्रिज के नीचे सब्जी बाजार के पास घेराबंदी कर पुलिस ने आकाश रायकवाड़ और धीरज रायकवाड़ को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के रहने वाले हैं।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 9 किलो 866 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख 93 हजार रुपये बताई गई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पण्डरी में गांजा बेचते युवक गिरफ्तार
पण्डरी थाना पुलिस ने दलदल सिवनी स्थित कचरा गोदाम के पास कार्रवाई करते हुए कमलेश पटेल नामक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 285 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
उरला में बुधवारी बाजार के पास दबोचा गया आरोपी
उरला थाना पुलिस ने बीरगांव स्थित बुधवारी बाजार के पास छापेमारी कर संतराम निषाद को गांजा बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 1 किलो 300 ग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 53 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
लगातार जारी है नशा तस्करों के खिलाफ अभियान
रायपुर पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस मुखबिर तंत्र और तकनीकी माध्यमों से जानकारी जुटाकर तस्करों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है।

