गेवरा खदान में केबल चोरी की कोशिश नाकाम, सीआईएसएफ ने दो आरोपियों को दबोचा - vedantsamachar.in

गेवरा खदान में केबल चोरी की कोशिश नाकाम, सीआईएसएफ ने दो आरोपियों को दबोचा

कोरबा,17 जून (वेदांत समाचर)। एसईसीएल की गेवरा खदान में केबल चोरी की एक बड़ी वारदात को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने समय रहते विफल कर दिया। सीआईएसएफ के जवानों ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि उनके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार 16 जून की रात गेवरा खदान के भीतर ब्रह्मपुत्र तालाब के समीप संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर सीआईएसएफ के जवानों ने घात लगाकर निगरानी शुरू की थी। इसी दौरान रात करीब 2 बजे 6 से 7 संदिग्ध व्यक्तियों का एक समूह वहां संचालित मोटर के विद्युत केबल को काटकर चोरी करने का प्रयास कर रहा था।

पूर्व से तैनात सीआईएसएफ जवानों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए आरोपियों को चारों ओर से घेर लिया। जवानों की कार्रवाई से चोरी की वारदात को अंजाम दिए जाने से पहले ही नाकाम कर दिया गया। मौके से दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया, जबकि उनके अन्य साथी पहाड़ी और अंधेरे क्षेत्र का लाभ उठाकर फरार हो गए।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान कृष्णा दास पिता सुमेर दास निवासी भिलाई बाजार तथा देव प्रकाश पिता राम निवासी टिटघोटला के रूप में बताई है।

सीआईएसएफ ने दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दीपका थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की जांच जारी है।

सीआईएसएफ की इस त्वरित कार्रवाई से एसईसीएल की महत्वपूर्ण संपत्ति को नुकसान होने से बचाया जा सका। साथ ही खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के प्रति बल की प्रतिबद्धता भी एक बार फिर साबित हुई है।