बलौदाबाजार,17 जून (वेदांत समाचर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा बलौदाबाजार में तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। नगर भवन में 16 से 18 जून तक आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभारंभ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर गौरीशंकर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान देश में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी आम नागरिकों को सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर देश की विकास यात्रा को समझने और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मिशन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य किया है और उनके नेतृत्व में भारत ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करें तथा इस जनजागरूकता अभियान का हिस्सा बनें।
प्रदर्शनी में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश और राज्य में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों को आकर्षक तस्वीरों और विस्तृत जानकारियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही एलईडी स्क्रीन के जरिए भी केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
फोटो प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, पीएम श्री स्कूल, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री जनमन योजना सहित कई प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा आधारभूत संरचना विकास, डिजिटल इंडिया, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास से जुड़ी उपलब्धियों को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे नागरिकों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शित तस्वीरों और जानकारियों में विशेष रुचि दिखाई। लोगों ने इसे केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को समझने का एक उपयोगी प्रयास बताया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुलोचना यादव, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, टेसू लाल धुरंधर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

