CG NEWS : कबाड़ माफिया पर बड़ी कार्रवाई 83 क्विंटल अवैध कबाड़ बरामद 7 आरोपी गिरफ्तार... - vedantsamachar.in

CG NEWS : कबाड़ माफिया पर बड़ी कार्रवाई 83 क्विंटल अवैध कबाड़ बरामद 7 आरोपी गिरफ्तार…

बिलासपुर,16 जून (वेदांत समाचर)। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस और रेलवे की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कबाड़ माफिया के ठिकाने पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई में करीब 83 क्विंटल से अधिक कबाड़ बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 14 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बिल्हा थाना क्षेत्र के आमापारा इलाके में कबाड़ कारोबारी इमरान कुरैशी के ठिकाने पर की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वहां चोरी का कबाड़ बड़ी मात्रा में एकत्र कर उसे वाहनों में लोड किया जा रहा है, जिसमें रेलवे की संपत्ति से जुड़े लोहे के पार्ट्स भी शामिल हैं। सूचना के आधार पर बिल्हा थाना प्रभारी तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल के साथ संयुक्त टीम बनाई गई और आधी रात को छापेमारी की गई। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर भगदड़ मच गई, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। जांच के दौरान पुलिस ने दो वाहनों छोटा हाथी (CG 10 BP 3903) और एक पिकअप (CG 10 BZ 1208)—को भी जब्त किया। गोदाम और वाहनों की तलाशी में रेलवे लाइन में उपयोग होने वाले लोहे के लाइनर, प्लेट, चाबियां, भारी एंगल, छड़, पाइप और अन्य लोहे का कबाड़ बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार जब आरोपियों से बरामद सामग्री के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सभी सामान को जब्त कर लिया गया।

कुल मिलाकर 83 क्विंटल 15 किलोग्राम कबाड़ जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी इमरान कुरैशी के साथ मनीष सागर, राज साहू, चंदन सवरा, बिरजू मरावी, रामअवतार सवरा और गोलू चौरसिया को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से चोरी का कबाड़ खरीदने और उसे खपाने के अवैध कारोबार में शामिल थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह कबाड़ कहां से लाया जा रहा था और इसके पीछे पूरा नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई है, जिसके अंतर्गत अवैध कबाड़ कारोबारियों और रेलवे संपत्ति की चोरी करने वाले गिरोहों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस तरह के अवैध नेटवर्क पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि रेलवे संपत्ति की चोरी और कबाड़ माफिया पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।