निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 96 वाहन चालकों पर चला जुर्माना - vedantsamachar.in

निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 96 वाहन चालकों पर चला जुर्माना

जांजगीर-चांपा,16 जून (वेदांत समाचर)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर सख्ती बढ़ा दी है। यातायात पुलिस द्वारा बलौदा थाना क्षेत्र से गुजरने वाले निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाते हुए एक ही दिन में 96 वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यातायात पुलिस ने निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को दुर्घटनाओं का बड़ा कारण मानते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के परियोजना निदेशक, कोरबा को पत्र भेजा है। पत्र में बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर छोटे और बड़े सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मार्ग का निर्माण कार्य अभी जारी है, जिसके कारण सड़क पर कई स्थानों पर सुरक्षा संबंधी खतरे बने हुए हैं। ऐसे में वाहन चालकों द्वारा इस मार्ग का उपयोग करना दुर्घटनाओं की आशंका को बढ़ा रहा है। इसी वजह से निर्माण कार्य पूरा होने तक मार्ग को आम यातायात के लिए प्रतिबंधित करने की मांग की गई है।

विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने भारतमाला मार्ग के विभिन्न स्थानों पर जांच चौकियां स्थापित कर वाहनों की सघन जांच की। जांच के दौरान निर्माणाधीन सड़क का उपयोग कर रहे वाहन चालकों को रोका गया और यातायात नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। एक ही दिन में 96 वाहन चालकों पर कार्रवाई होने से यह स्पष्ट हो गया कि प्रतिबंध और चेतावनी के बावजूद बड़ी संख्या में लोग निर्माणाधीन मार्ग का उपयोग कर रहे हैं।

अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित मार्गों के उपयोग तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की समझाइश भी दी। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन और आम नागरिकों दोनों की सहभागिता आवश्यक है।

यातायात पुलिस जांजगीर-चांपा ने आमजन से अपील की है कि निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग का उपयोग करने से बचें। जब तक सड़क का निर्माण कार्य पूरी तरह पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक वैकल्पिक और सुरक्षित मार्गों का ही चयन करें। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।