करंट की चपेट में आने से फिर से एक और हाथी की हुई मौत, जंगल में मिला शव

रायगढ़। वन मंडल के घरघोड़ा रेंज अंतर्गत अमलीडीह जंगल में सोमवार को एक हाथी की लाश मिली है। 

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हाथी की मौत बिजली करंट की चपेट में आने से हुई है। मामले की जानकारी मिलते ही रायगढ़ वन मंडल सहित धरमजयगढ़ वन मंडल के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है।इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह कुछ ग्रामीण अम्लीडीह जंगल की ओर गए थे। जहां उनकी नजर विशालकाय मृत हाथी पर पड़ी मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों के अलावा वन विभाग के अधिकारियों को दी। हालांकि तब तक यह स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी कि मृत हाथी धर्मजयगढ़ वन मंडल में है या रायगढ़ वन मंडल में है। ऐसे में दोनों वन मंडल के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों के मौके पर पहुंचने पर यह स्पष्ट हुआ कि मृत हाथी रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र में है।

प्रारंभिक रूप से जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हाथी की मौत बिजली करंट की चपेट में आने से हुई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग के आदेश क्रमांक 1275 में हाथी की लाश मिली है। बहरहाल वन विभाग की टीम इस मामले की जांच कर रही है। वहीं शव के अंतिम संस्कार की भी तैयारी की जा रही है।उल्लेखनीय है कि पिछले करीब 4 माह में 4 से 5 हाथी की मौत बिजली करंट में आने से हो चुकी है, इसे पहले के सारे मामले धर्मजयगढ़ वन मंडल के थे।