कोरबा,16 जून (वेदांत समाचार)। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित जेल परिसर के पास भाजपा नेता पर हुए जानलेवा हमले से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आरोप है कि जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली सहित चार लोगों ने स्टील रॉड से हमला कर भाजपा नेता को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में उनके दोनों पैर टूट गए, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे तथा घायल नेता का हालचाल जाना। अस्पताल परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने कहा, “प्रकरण में जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली समेत चार आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे के कारणों और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस सभी साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है।
मंत्री ने लिया घायल नेता का हालचाल
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने अस्पताल पहुंचकर घायल भाजपा नेता से मुलाकात की और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि कानून अपना काम करेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
चार आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
पुलिस की त्वरित कार्रवाई में जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलकों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

