Sakti Crime: चलते ट्रक से चावल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 50 किलो चोरी का चावल बरामद - vedantsamachar.in

Sakti Crime: चलते ट्रक से चावल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 50 किलो चोरी का चावल बरामद

सक्ती, 15 जून (वेदांत समाचार)। सक्ती पुलिस ने चलते ट्रक पर चढ़कर चावल की बोरी चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 50 किलोग्राम चोरी का चावल बरामद किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 14 सक्ती निवासी संकेत गोयल ने थाना सक्ती में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 जून 2026 को मारुति एग्रोवेट राइस मिल सरवानी से उसके ट्रक क्रमांक CG15 KL 9002 में 580 बोरी सीएमआर चावल लोड कर शासकीय गोदाम टेमर भेजा गया था। गोदाम में माल उतारने के दौरान 50-50 किलोग्राम की तीन बोरी चावल कम पाई गई। चालक से पूछताछ करने पर उसे घटना की जानकारी नहीं थी।

शिकायत के बाद प्रार्थी ने सरवानी से टेमर मार्ग पर लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की जांच की। 14 जून को टेमर स्थित एक फर्नीचर दुकान के सीसीटीवी फुटेज में एक युवक चलते ट्रक पर चढ़कर चावल की बोरियां नीचे गिराते हुए दिखाई दिया, जबकि दो अन्य युवक मोटरसाइकिल पर उसके साथ नजर आए। फुटेज के आधार पर तीनों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान नितिन कुमार पटेल (21 वर्ष), निवासी नंदेली, थाना सक्ती के रूप में हुई।

हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर नितिन कुमार पटेल ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर ट्रक से तीन बोरी चावल चोरी करना स्वीकार किया। चोरी के माल के बंटवारे में उसके हिस्से में आए 50 किलोग्राम चावल को उसने पुलिस के समक्ष पेश किया, जिसे जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।